रांची: झारखंड में अग्निशमन और फायर सेफ्टी व्यवस्था को अधिक मजबूत और हाईटेक बनाने की दिशा में राज्य सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। 6 अगस्त 2026 को राजधानी रांची के धुर्वा स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान (गृह रक्षा वाहिनी) परिसर में “Mini Water Tender with Mist Technology” से लैस 58 अत्याधुनिक वाहनों के लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और दोपहर 1 बजे इन आधुनिक दमकल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर (फ्लैग ऑफ) राज्य की जनता को समर्पित करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक चलेगा।
नवीनतम मिस्ट टेक्नोलॉजी (Mist Technology) से लैस ये 58 मिनी वाटर टेंडर वाहन तंग गलियों और संकरे इलाकों में आग की घटनाओं पर तेजी से काबू पाने में बेहद कारगर साबित होंगे। गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, झारखंड के पुलिस उप-महानिरीक्षक द्वारा जारी इस प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी गई है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य की आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है, जिससे जन-सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी।





