Jamshedpur news: शहर में सोमवार शाम हुई चेन स्नैचिंग की घटना के बाद पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। गिरफ्तारी के दौरान और बाद में हुई घटनाओं ने मामले को हाई-वोल्टेज मुठभेड़ में बदल दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी हरपाल के पैर में दो गोलियां लगीं, जबकि उसका साथी मनप्रीत भी पुलिस की गिरफ्त में है।

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे टेल्को थाना क्षेत्र में काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी थानों को अलर्ट जारी किया गया और संदिग्ध बाइक व आरोपियों का विवरण साझा किया गया।

सूचना के आधार पर सिदगोड़ा पुलिस ने जैप-6 गेट के पास नाकेबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों अपराधी भागने लगे, लेकिन उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। इसी दौरान पीछे बैठे आरोपी ने पुलिस पर एक राउंड फायरिंग कर दी। इसके बावजूद पुलिस और जैप के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। टेल्को में वारदात से लेकर गिरफ्तारी तक की पूरी कार्रवाई लगभग 15 मिनट के भीतर पूरी कर ली गई।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कई पुराने मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। मुख्य आरोपी हरपाल ने पुलिस को बताया कि सोमवार की वारदात में छीनी गई ज्वेलरी और अन्य सामान उसने सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के पास छिपाकर रखा है। इसके बाद मंगलवार तड़के पुलिस टीम उसे साथ लेकर बरामदगी के लिए मौके पर पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई ज्वेलरी, फर्जी नंबर प्लेट, प्लास, पेचकस और स्प्रे बरामद किया।

बरामदगी के बाद जब पुलिस टीम वापस लौट रही थी, तभी आरोपी हरपाल ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। उसने सब-इंस्पेक्टर सुशांत को धक्का देकर गिरा दिया और उनकी सर्विस पिस्टल छीन ली। इसके बाद उसने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए लगातार तीन राउंड फायरिंग की। घटनास्थल पर दीवारों पर गोलियों के निशान भी मिले हैं, जिससे पुलिस का मानना है कि आरोपी जानलेवा हमला कर भागने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान गिरने से सब-इंस्पेक्टर सुशांत को भी चोटें आईं।

सिटी एसपी ने इस दौरान जवान शम्स तबरेज की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने बताया कि जब आरोपी फायरिंग करते हुए सुनसान इलाके की ओर भाग रहा था और सब-इंस्पेक्टर सुशांत जमीन पर गिरे हुए थे, तब जवान शम्स तबरेज ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए जवाबी फायरिंग की। उनकी गोली हरपाल के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और दोबारा भागने में असफल रहा।

घायल आरोपी हरपाल और जख्मी सब-इंस्पेक्टर सुशांत को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है।

सिटी एसपी ने बताया कि शहर में पिछले एक वर्ष के दौरान हुई कई छिनतई की घटनाओं में इसी काले रंग की पल्सर बाइक का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही उनके एक रिश्तेदार को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।

Share.
Exit mobile version