Mathura: समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव राजन रिजवी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक महिला बैंककर्मी को आपत्तिजनक और अश्लील चैट भेजने तथा उत्तर प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कोटे से आईएएस (IAS) बनाने का झांसा देने के आरोप में उनके खिलाफ मथुरा में एफआईआर दर्ज की गई है। मामले के तूल पकड़ने और गंभीरता को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने रिजवी को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है।
ग्राहक बनकर बैंक आने और निजी नंबर जुटाने का आरोप
पीड़िता मथुरा के स्टेट बैंक चौराहा स्थित एक बैंक शाखा में कार्यरत हैं। पीड़िता के अनुसार, राजन रिजवी ग्राहक बनकर लगातार बैंक आता था और लंबे समय से उन्हें असहज करने का प्रयास कर रहा था। बाद में उसने किसी माध्यम से महिला का निजी मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और सीधे संपर्क साधना शुरू कर दिया। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाने की धमकी देकर उन पर मानसिक दबाव बनाना शुरू कर दिया।
घर की रेकी और पति की गतिविधियों पर नजर रखने की आशंका
महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि रिजवी ने उनकी और उनके वाहन की तस्वीरें खींचीं। इसके अलावा, रात के समय उनके पारिवारिक आवास के आसपास संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। आरोप है कि रिजवी ने पीड़िता के घर के सुरक्षाकर्मियों और रसोइए से बातचीत कर परिवार की गतिविधियों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पीड़िता ने आशंका जताई है कि उनके पति, जो वन विभाग में कार्यरत हैं, की आवाजाही से जुड़ी गोपनीय जानकारी भी निजी संसाधनों के जरिए जुटाई जा रही है, जिसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।
पुलिस जांच शुरू, हिंदू संगठनों ने जताया कड़ा आक्रोश
मथुरा पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि महिला की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना की जानकारी सामने आने के बाद अखिल भारत हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने सीओ सिटी से मुलाकात कर इस पर भारी आक्रोश जताया। वहीं, परशुराम शोभा यात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल शर्मा ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला कृत्य करार देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




