अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jamshedpur news : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन के बागबेड़ा इलाके में सोमवार को नवस्थापित बहुविषयक मंडल प्रशिक्षण संस्थान (MDTI) का औपचारिक उद्घाटन किया गया। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने फीता काटकर संस्थान की शुरुआत की और इसे रेलवे कर्मचारियों के कौशल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नए प्रशिक्षण संस्थान की सबसे खास बात इसका बहुविषयक स्वरूप है, जहां अब रेलवे के अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों को एक ही परिसर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहले इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन जैसे विभागों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्र होते थे, लेकिन अब यह व्यवस्था एकीकृत रूप में उपलब्ध होगी। अधिकारियों का मानना है कि आधुनिक तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए कर्मचारियों का तकनीकी रूप से दक्ष होना बेहद जरूरी हो गया है, जिसे यह संस्थान पूरा करेगा।
संस्थान को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। यहां नए रेलकर्मियों के लिए कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रैक्टिकल लर्निंग के लिए कंप्यूटर लैब, मॉडल कोच, ट्रैक सिस्टम, शंटिंग प्वाइंट और क्रॉसिंग जैसी संरचनाएं विकसित की गई हैं। इन संसाधनों के जरिए कर्मचारी वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे, जिससे रेल संचालन की सुरक्षा और दक्षता में सुधार होगा।
उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में महाप्रबंधक ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गति शक्ति योजना के तहत स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले करीब ढाई वर्षों में यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया स्टेशन भवन उपलब्ध होगा। इसके अलावा खड़गपुर-हावड़ा और चांडिल-गम्हरिया रेलखंड के बीच चौथी लाइन के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है, जिस पर जल्द काम शुरू होने की संभावना है।
रेल यातायात को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से टाटानगर यार्ड के पुनर्गठन की योजना भी तैयार की गई है, जिसका कार्य मई महीने से शुरू हो सकता है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही में होने वाली देरी कम होगी और समय पालन में सुधार आएगा। कार्यक्रम के अंत में चक्रधरपुर मंडल के अधिकारियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण संस्थान रेलवे की सुरक्षा और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

