फॉण्ट कनवर्टर NEW

लावा नदी में नहाते समय 16 वर्षीय युवक डूबा, तलाश जारी

Jharkhand News: गुमला जिले के जारी-जारी थाना क्षेत्र के भीखमपुर स्थित लावा नदी में आज सुबह नहाने के दौरान योगेश थापा (16) नामक युवक डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, योगेश अपने दो अन्य साथियों के साथ नदी में नहाने उतरा था, तभी वह

अपनी भाषा में पढ़ें

Jharkhand News: गुमला जिले के जारी-जारी थाना क्षेत्र के भीखमपुर स्थित लावा नदी में आज सुबह नहाने के दौरान योगेश थापा (16) नामक युवक डूब गया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, योगेश अपने दो अन्य साथियों के साथ नदी में नहाने उतरा था, तभी वह गहराई में बह गया। खबर लिखे जाने तक योगेश का पता नहीं चल पाया है और स्थानीय लोगों द्वारा उसकी तलाश जारी है।

कैसे घटना हुई?

प्रत्यक्षदर्शी सिमोन मिंज (12) ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे योगेश थापा, सोनम थापा और अर्पण मिंज अपनी मां के साथ लावा नदी में नहाने आए थे। सिमोन भी उस समय नदी में मौजूद था। तीनों बच्चे नहाने के लिए नदी में उतरे, जबकि उनकी मां ऊपर की ओर कपड़े धो रही थीं। नदी में उतरते ही तीनों बहने लगे। यह देखकर सिमोन और अन्य बच्चों ने उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। सिमोन के अनुसार, तीनों बच्चे बेहद घबराए हुए थे। सोनम थापा और अर्पण मिंज को किसी तरह बचा लिया गया, लेकिन योगेश थापा पुल के पास गहराई में डूब गया और पुल के पिलर की ओर अंदर चला गया, जिसके बाद वह ऊपर नहीं आ पाया।

ग्रामीणों और प्रशासन की प्रतिक्रिया

योगेश के डूबने की खबर पूरे गांव में तेजी से फैल गई। ग्रामीण तुरंत नदी की ओर भागे और कुछ लड़कों ने काफी देर तक नदी में योगेश की खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। योगेश थापा की बड़ी बहन सोनम थापा ने बताया कि उनके पिता नेपाल के रहने वाले हैं और मां झारखंड की हैं। वे सभी गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए जारी के जामटोली स्थित मौसी के घर आए हुए थे। उनका परिवार दिल्ली के ग्रेडर क्लास 49, जमरूदपुर में रहता है और उनके पिता अभी दिल्ली में ही हैं। परिवार को 23 मई को वापस दिल्ली जाना है। योगेश नौवीं कक्षा का छात्र था।

प्रशासनिक कार्रवाई और एनडीआरएफ की टीम

योगेश थापा के डूबने की खबर मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा और जारी थाना प्रभारी आदित्य कुमार मौके पर पहुंचे। प्रखंड प्रशासन ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली। प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा ने बताया कि जिले के पदाधिकारी को मामले की जानकारी दे दी गई है और जल्द से जल्द एनडीआरएफ (NDRF) की टीम आएगी और योगेश थापा की तलाश करेगी। वहीं, स्थानीय लोग कई घंटों से लावा नदी के चप्पे-चप्पे में योगेश की खोज कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक योगेश थापा का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram