फॉण्ट कनवर्टर NEW

युवा कलाकारों के लिए सुनहरा मौका: झारखंड स्थापना दिवस पर होगी ‘जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता’

गजल से लेकर नागपुरी गीतों तक बिखेरें अपनी प्रतिभा का जादू, बिना किसी शुल्क के पाएं राज्य स्तर पर चमकने का मंच! रांची प्रशासन ने जारी की आम सूचना, 20 नवंबर शाम 4 बजे तक कर सकते हैं आवेदन

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: यदि आप संगीत के शौकीन हैं और आपकी आवाज में जादू है, तो रांची जिला प्रशासन आपके लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहद शानदार और निःशुल्क मंच लेकर आया है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 के पावन अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी कार्यालय (पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य शाखा) द्वारा ‘जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के रांची जिले के स्थानीय निवासी हिस्सा ले सकते हैं। मेयर्स रोड स्थित ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस में आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में अलग-अलग गायन विधाओं को शामिल किया गया है।

कब और कौन-सी होंगी प्रतियोगिताएं

  • 21 नवंबर 2026 (सुबह 10:00 बजे से): ऑड्रे हाउस में गजल, हिन्दी गीत, भजन और सूफी गायन की प्रस्तुतियां होंगी।

  • 22 नवंबर 2026 (सुबह 10:00 बजे से): नागपुरी गीत और अन्य क्षेत्रीय भाषीय गीत-संगीत की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

आवेदन की प्रक्रिया और जरूरी नियम

जिला खेल पदाधिकारी द्वारा जारी आम सूचना के अनुसार, इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है, लेकिन एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में हिस्सा ले सकेगा। प्रतिभागियों को अपने वाद्य यंत्र या उपकरण स्वयं साथ लाने होंगे।
इच्छुक युवा रांची जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://ranchi.nic.in से निःशुल्क आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। भरे हुए फॉर्म के साथ पहचान/आयु प्रमाण पत्र (आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या बोनाफाइड सर्टिफिकेट) की छायाप्रति संलग्न कर 20 नवंबर 2026 की शाम 4 बजे तक कचहरी (नया नगर निगम के सामने) स्थित विकास भवन के प्रथम तल पर ‘पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य शाखा’ में हाथों-हाथ जमा करना अनिवार्य है।
जिला स्तर पर अंतिम रूप से चयनित प्रतिभागियों को 26 और 27 नवंबर 2026 को होटवार स्थित राज्य संग्रहालय में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समापन एवं सांस्कृतिक संध्या समारोह में अपनी कला का प्रदर्शन करने का गौरव प्राप्त होगा।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram