फॉण्ट कनवर्टर NEW

मालनपुर में गोदरेज की नई विनिर्माण इकाई का शुभारंभ आज

मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गॉदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की विस्तारित चौथी विनिर्माण इकाई का आज शुभारंभ होगा। इस विस्तार पर कंपनी ने 450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इससे क्षेत्र में 2,250 से अधिक नए रोजगार

अपनी भाषा में पढ़ें

भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की विस्तारित चौथी विनिर्माण इकाई का आज शुभारंभ होगा। इस विस्तार पर कंपनी ने 450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इससे क्षेत्र में 2,250 से अधिक नए रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 3 बजे इकाई का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान पीडब्ल्यूडी नियुक्तियों के प्रमाण-पत्र भी वितरित करेंगे।

उत्पादन क्षमता में होगा इजाफा

विस्तार के बाद मालनपुर संयंत्र में साबुन, हेयर कलर और घरेलू कीटनाशक जैसे उत्पादों का उत्पादन बढ़ेगा। कंपनी के अनुसार, यहां हर साल 42 करोड़ हेयर कलर सैशे, 14 करोड़ मच्छर निरोधक उत्पाद और 10 करोड़ एयर फ्रेशनर सैशे बनाने की क्षमता विकसित होगी।

साबुन नूडल्स की वार्षिक उत्पादन क्षमता 1.50 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 2 लाख मीट्रिक टन हो जाएगी। वहीं तैयार टॉयलेट साबुन की क्षमता 70 हजार से बढ़कर 1.20 लाख मीट्रिक टन हो जाएगी। विस्तार के बाद कुल उत्पादन क्षमता 3.20 लाख मीट्रिक टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।

युवाओं को मिलेगा रोजगार

कंपनी के विस्तार से भिंड और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। राज्य को हर साल करीब 185 करोड़ रुपये का अतिरिक्त जीएसटी राजस्व मिलने की संभावना है।

पर्यावरण पर भी रहेगा जोर

विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी कई कदम उठाए जा रहे हैं। मालनपुर संयंत्र में शून्य तरल अपशिष्ट उत्सर्जन प्रणाली के साथ 204 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट लगाया जाएगा।

गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का मालनपुर संयंत्र वर्ष 1991 से संचालित है। 65 एकड़ में फैले इस संयंत्र में अब तक करीब 850 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। कंपनी के अनुसार, विस्तार के बाद यह संयंत्र एशिया की बड़ी एकीकृत साबुन विनिर्माण इकाइयों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram