Koderama : सतगावां प्रखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पोखरडीहा का मंगलवार को जिला परिषद प्रतिनिधि सह विधायक प्रतिनिधि धनंजय यादव, प्रखंड प्रमुख ललिता देवी एवं बीस सूत्री अध्यक्ष विजय सिंह ने औचक निरीक्षण किया।
बताया जाता है कि 15 अगस्त को झंडोत्तोलन के बाद छात्राओं ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी समेत कई समस्याओं को लेकर सवाल उठाए थे। छात्राओं ने विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षकों के नहीं होने तथा भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी अपनी शिकायतें प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी थीं।
छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपलब्धता एवं छात्राओं को मिलने वाले भोजन की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। वही प्रमुख ललिता देवी ने क्लास रूम में जाकर छात्राओं से बात की एवं जानकारी ली ।
छात्राओं ने बताया कि शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी छात्राओं ने शिकायत की कि उन्हें कई बार अपेक्षा के अनुरूप भोजन नहीं मिल पाता है।
जनप्रतिनिधियों ने छात्राओं की समस्याओं को सुना और विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामले को रखने तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करने की बात कही। छात्राओं ने उम्मीद जताई कि निरीक्षण के बाद विद्यालय में शिक्षकों की कमी और भोजन की समस्या का जल्द समाधान होगा।




