फॉण्ट कनवर्टर NEW

गिरिडीह में ‘यमराज’ बनी स्कॉर्पियो: मासूम को रौंदा, फिर दुकान में जा घुसी!

Giridih News: गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में बीती रात रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। धनबाद से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बिशनपुर से लेकर पचम्बा बाजार तक ऐसा तांडव मचाया कि देखने वालों की रूह कांप

अपनी भाषा में पढ़ें

Giridih News: गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में बीती रात रफ्तार के कहर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। धनबाद से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बिशनपुर से लेकर पचम्बा बाजार तक ऐसा तांडव मचाया कि देखने वालों की रूह कांप गई। इस खूनी खेल में दो मासूम बच्चे वाहन की चपेट में आ गए, जिनमें से एक की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

बिशनपुर से शुरू हुआ ‘मौत का सफर’

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो (जिसमें चालक समेत 8 लोग सवार थे) धनबाद की ओर से बेहद तेज गति में आ रही थी। सबसे पहले बिशनपुर के पास इस गाड़ी ने एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक ने रुकने और घायल की मदद करने के बजाय एक्सीलेटर पर पैर दबा दिया और भागने की कोशिश की। यही सनक आगे चलकर पचम्बा बाजार में एक और बड़े हादसे का कारण बनी।

बाजार में मची अफरा-तफरी, मासूम को कुचला

भागने के चक्कर में चालक ने पचम्बा बाजार पहुंचते ही एक और मासूम बच्चे को बुरी तरह रौंद दिया। रफ्तार इतनी बेकाबू थी कि बच्चे को कुचलने के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी कई मोटरसाइकिल को खिलौनों की तरह उड़ाते हुए सीधे एक दुकान के भीतर जा घुसी। गनीमत रही कि उस वक्त दुकान के बाहर ग्राहकों की भीड़ नहीं थी, वरना लाशों का ढेर लग सकता था।

जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा बच्चा

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने फुर्ती दिखाई। घायल मासूम को लहूलुहान हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया है।

पुलिसिया कार्रवाई और आक्रोश

घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में भारी गुस्सा है। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने खरगडीहा निवासी चालक को हिरासत में ले लिया है। गाड़ी में सवार अन्य यात्री सुरक्षित हैं, जिन्हें बाद में दूसरी गाड़ी से भेज दिया गया। फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या चालक नशे में था या यह केवल लापरवाही का नतीजा है।

इस खबर को भी पढ़ें : नासिक में मौत की रफ्तार: गलत दिशा से आई स्कॉर्पियो ने ली 4 की जान

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram