फॉण्ट कनवर्टर NEW

गढ़वा टाउन से रांची मेमू ट्रेन की मांग, रेल मंत्री से मिले सांसद

पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर गढ़वा टाउन से रांची के लिए नई मेमू ट्रेन शुरू करने और वैगन यूनिट लगाने की मांग की है।

अपनी भाषा में पढ़ें

PALAMU: पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने गढ़वा टाउन से राजधानी रांची के बीच नई मेमू (MEMU) ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग उठाई है। उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र में रेल नेटवर्क और यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई अहम प्रस्ताव रखे।

सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में गढ़वा टाउन क्षेत्र से रांची जाने के लिए कोई भी सीधी पैसेंजर या मेमू ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में नई मेमू ट्रेन शुरू होने से छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा कर्मचारियों, व्यापारियों, इलाज के लिए जाने वाले मरीजों और रोजाना सफर करने वाले दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही पूरे पलामू संसदीय क्षेत्र की राजधानी रांची से सीधी कनेक्टिविटी भी काफी मजबूत होगी।

मुलाकात के दौरान सांसद ने गया-शेरघाटी-इमामगंज-कजरी (डालटनगंज) नई रेल लाइन परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी देने और आवश्यक बजट जारी करने पर रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता लंबे समय से इस रेल लाइन की मांग कर रही थी। यह इलाका लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर और अतीत में नक्सली हिंसा से प्रभावित रहा है। ऐसे में नई रेल लाइन बनने से यहां आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और युवाओं के लिए रोजगार व व्यापार के नए अवसर बनेंगे।

इसके अलावा सांसद विष्णुदयाल राम ने पलामू के गढ़वा रोड अथवा जपला रेलवे स्टेशन के आसपास रेलवे का नया उत्पादन केंद्र या मेगा वैगन मेंटेनेंस यूनिट स्थापित करने का आग्रह किया। साथ ही संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस को पलामू रूट से चलाने और अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा रेल लाइन प्रस्ताव में बरगढ़ व भंडारिया क्षेत्र को शामिल करने की मांग रखी। सांसद ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क आर्थिक समृद्धि की मजबूत नींव साबित होगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram