किशनगंज। कर्तव्य में लापरवाही और संदिग्ध आचरण के आरोप में एसपी संतोष कुमार ने गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।जानकारी के अनुसार 12 सितंबर को गलगलिया थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया था।
इस दौरान थानाध्यक्ष की कार्यशैली में शिथिलता और संदिग्ध आचरण की सूचना वरीय अधिकारियों को मिली।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने एसडीपीओ-2 को जांच का निर्देश दिया। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने के बाद थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया।
उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।



