जमशेदपुर। साकची के प्रसिद्ध दवा एवं कपड़ा व्यवसायी और सीतारामडेरा निवासी सुरेश अग्रवाल के निधन की सूचना पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार को उनके आवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत सुरेश अग्रवाल के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके पुत्र बिपिन अग्रवाल, परिवार के सदस्यों एवं परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की सांत्वना दी।
इस दौरान भाजपा नेता पवन अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल (मुन्ना) समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सुरेश अग्रवाल के निधन पर आईएएस सुमित ठाकुर, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारी अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), गोपाल सिंह, अनुराग अग्रवाल, अमित गोयल, अभिषेक डोशी, सीए विश्वनाथ अग्रवाल समेत साकची बाजार के व्यवसायियों और दुकानदारों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया।
सुरेश अग्रवाल का शहर के दवा और कपड़ा कारोबार में लंबे समय से जुड़ाव रहा। उनके परिवार के अनुसार, उनके पिता स्व. चिरंजी लाल अग्रवाल 1950 के दशक में राजस्थान के शिकर से जमशेदपुर आए थे। मेहनत और लगन से उन्होंने छोटे व्यवसाय से शुरुआत की और शहर में अपनी पहचान बनाई। बाद में उनके पुत्र सुरेश अग्रवाल ने कारोबार को आगे बढ़ाते हुए दवा और कपड़ा व्यवसाय में कदम रखा।
साकची में उनके द्वारा स्थापित जीवन ज्योति मेडिकल शहर के प्रमुख दवा प्रतिष्ठानों में जाना जाता है। इसके साथ ही उन्होंने कपड़ा कारोबार में भी अपनी अलग पहचान बनाई। व्यवसाय के साथ सामाजिक और पारिवारिक संबंधों को लेकर भी उनकी सक्रियता रही।
परिजनों ने बताया कि सुरेश अग्रवाल अपने पीछे पुत्र बिपिन, विक्की और सुशील अग्रवाल, पौत्र विदित, मन्नत, भाविक सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से अग्रवाल परिवार के साथ साकची के कारोबारी और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है।



