जामताड़ा: नारायणपुर थाना क्षेत्र के दुलाडीह गांव के पास गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी और बेटा घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बुढ़ई ढाकोडीह गांव निवासी भरत पंडित (38) अपनी पत्नी दुलारी देवी और बेटे अजय पंडित के साथ बाइक से टोपाटांड़ जा रहे थे। इसी दौरान गिरिडीह-पांडेडीह मुख्य मार्ग पर सामने से आ रही थार गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में भरत पंडित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। डॉक्टरों ने भरत को मृत घोषित कर दिया।
घायल दुलारी देवी और अजय पंडित को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थार चालक और हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है।




