चैनपुर (गुमला): आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने चैनपुर प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में कई जगहों पर औचक छापेमारी की।
प्रभारी अवर निरीक्षक विकास कुमार निराला के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से अवैध महुआ शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान टीम ने अलग-अलग स्थानों से कई लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार किए गए भारी मात्रा में जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
त्योहारों को लेकर विशेष टीम तैनात
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पर्व-त्योहारों को देखते हुए उड़नदस्ता टीम और उत्पाद सिपाहियों की विशेष तैनाती की गई है। टीम लगातार अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर नजर रख रही है।
कार्रवाई के दौरान कुछ मामलों में मौके पर ही जुर्माना वसूला गया। इसके बाद संबंधित लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
उत्पाद विभाग ने कहा कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की टीम अलग-अलग इलाकों में औचक जांच और कार्रवाई करती रहेगी।




