Patna: बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति (DA Case) के मामले में शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की विशेष टीमों ने ‘बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड’ (BBOSE) के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर एक साथ सघन छापेमारी की। जांच एजेंसी के अनुसार, अधिकारी के पास वैध स्रोतों की तुलना में करीब 3 करोड़ 43 लाख 18 हजार 300 रुपये की अनुपातहीन संपत्ति (Disproportionate Assets) पाई गई है, जो उनकी ज्ञात आय से 90 प्रतिशत से भी अधिक है।
विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से तलाशी वारंट हासिल करने के बाद जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने देर शाम तक यह छापेमारी अभियान चलाया।
पटना और बेगूसराय समेत 3 ठिकानों पर तलाशी
ईओयू की टीमों ने उप निदेशक अजय कुमार सिंह के निम्नलिखित तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश दी:
पटना आवास: चन्द्रतारा भवन, बीवी कॉलेज के पास, आकाशवाणी रोड, खाजपुरा (थाना राजीव नगर)।
कार्यालय कक्ष: मीठापुर (पटना) स्थित बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड का दफ्तर।
पैतृक आवास: बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना अंतर्गत ग्राम परोरा (पोस्ट-सहना)।
बेगूसराय पैतृक आवास से भारी नकदी और वाहनों का बेड़ा बरामद
अभियुक्त के पैतृक गांव परोरा स्थित आवास की तलाशी के दौरान ईओयू को भारी मात्रा में नकदी और चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज मिले:
नगदी और आभूषण: ₹15.50 लाख नकद, ₹9.50 लाख की ज्वेलरी की इन्वेंट्री और स्थानीय दुकानों से ₹5.50 लाख के गहने खरीद की 6 रसीदें।
जमीन और बैंक खाते: पिता के नाम पर 11 जमीन के डीड और एसबीआई बैंक पासबुक।
वाहनों का बेड़ा: परिसर से 1 जेसीबी मशीन, 2 ट्रैक्टर, 1 बोलेरो गाड़ी और 1 बड़ा डीजी (जनरेटर) सेट बरामद हुआ।
पटना आवास से मिला नोएडा में फ्लैट, लाखों के गहने और 8 बैंक खाते
राजीव नगर स्थित जी+2 (तीन मंजिला) आलीशान मकान की तलाशी में एजेंसी को लग्जरी लाइफस्टाइल और बड़े निवेश के ठोस प्रमाण मिले हैं:
कैश व ज्वेलरी: ₹10.38 लाख नकद, करीब ₹41.81 लाख मूल्य की ज्वेलरी इन्वेंट्री और अलंकार ज्वेलर्स से ₹10 लाख के गहने खरीद का बिल।
नोएडा में फ्लैट: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-142 में 1442 वर्गफीट का फ्लैट (यूनिट नं-17836) बुक कराने के दस्तावेज, जिसमें अब तक ₹60 लाख से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।
बैंक व बीमा निवेश: 8 विभिन्न बैंक खातों की पासबुक व एटीएम (जिनमें करीब ₹18.50 लाख जमा हैं), एलआईसी व अन्य कंपनियों की 5 पॉलिसियां और म्यूचुअल फंड्स में निवेश के कागजात।
वाहन: महिंद्रा स्कॉर्पियो और स्कूटी के दस्तावेज मिले हैं।
2005 में शुरू की थी सरकारी सेवा
अजय कुमार सिंह ने वर्ष 2005 में बिहार शिक्षा सेवा के तहत अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी (SDEO) के पद से अपनी सरकारी सेवा शुरू की थी। ईओयू अधिकारियों के अनुसार, पटना स्थित तीन मंजिला आलीशान भवन के आंतरिक साज-सज्जा (इंटीरियर) का अलग से सरकारी मूल्यांकन कराया जाएगा। फिलहाल जब्त किए गए सभी वित्तीय दस्तावेजों और संपत्तियों की विस्तृत फॉरेंसिक व कानूनी जांच जारी है।




