रांची: आगामी ईद-मिलादुन्नबी पर्व को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने शहर में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 अगस्त 2026 को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं स्वच्छता शाखा के कर्मियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर नगर आयुक्त ने निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी मस्जिदों, उनके आसपास के इलाकों, संपर्क मार्गों और जुलूस के निर्धारित रास्तों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का सख्त निर्देश दिया है।
इन प्रमुख इलाकों और जुलूस मार्गों पर रहेगा विशेष फोकस
निगम प्रशासन ने कांटाटोली, मौलाना आजाद कॉलोनी, इलाही बख्श कॉलोनी, गढ़ाटोली, रमजान कॉलोनी, कुरैशी मोहल्ला, रजा कॉलोनी, नया टोली, पथलकुदवा चौक, मोरहाबादी, एदलहातू, बरियातू मार्ग, करमटोली, न्यूक्लियस मॉल, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, आजाद बस्ती, गुदरी चौक, कर्बला टैंक रोड, मेन रोड, सुजाता चौक और रतन टॉकीज चौक से ओवरब्रिज तक विशेष सफाई दल तैनात करने का फैसला किया है।
सफाई व्यवस्था के साथ-साथ मस्जिदों के आसपास चूना, झाड़ू, ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लारवा दवाओं के छिड़काव का काम सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा जुलूस मार्ग पर आवश्यकतानुसार वाटर टैंकर, सचल शौचालय (मोबाइल टॉयलेट) और खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया गया है।
डोर-टू-डोर कचरा उठाव और नालियों की सफाई पर सख्ती
केवल पर्व क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए अपर नगर आयुक्त ने सभी सैनिटरी सुपरवाइजरों और वार्ड कर्मियों को नियमित फील्ड विजिट करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी कचरे का ढेर नजर नहीं आना चाहिए।
कचरा प्रबंधन एजेंसी (स्वच्छता कॉर्पोरेशन) को शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा उठाव सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। मानसून को देखते हुए जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए सभी छोटे-बड़े नालों की गहरी सफाई के संसाधन बढ़ाए जाएंगे। अपर नगर आयुक्त ने आश्वस्त किया कि ईद-मिलादुन्नबी के दौरान निगम कर्मी पूरी तत्परता से काम करेंगे ताकि सभी को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले।




