पलामू: सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में NHAI सड़क निर्माण कार्यस्थल पर गुरुवार देर रात अपराधियों ने फायरिंग कर दी। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग में मौके पर सो रहे दो मजदूरों के घायल होने की सूचना है।
घटना की जानकारी मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं।
फायरिंग के बाद पुलिस ने अपराधियों की तलाश में आसपास के इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस निर्माण स्थल और आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है। घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि फायरिंग के कारणों और घटना में शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है।




