फॉण्ट कनवर्टर NEW

सड़क किनारे तंबू में हुआ चुनाव, फिर श्रीधर प्रधान बने अध्यक्ष

Jamshedpur : साकची स्थित उत्कल एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव रविवार को विवाद और विरोध के बीच अस्थायी व्यवस्था में संपन्न हुआ। आंतरिक मतभेद और विपक्ष के विरोध के कारण एसोसिएशन परिसर में मतदान कराना संभव नहीं हो सका। इसके बाद चुनाव समिति ने मुख्य सड़क

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur :  साकची स्थित उत्कल एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव रविवार को विवाद और विरोध के बीच अस्थायी व्यवस्था में संपन्न हुआ। आंतरिक मतभेद और विपक्ष के विरोध के कारण एसोसिएशन परिसर में मतदान कराना संभव नहीं हो सका। इसके बाद चुनाव समिति ने मुख्य सड़क के किनारे तंबू लगाकर मतदान केंद्र बनाया। अस्थायी पोलिंग बूथ दिनभर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा और इसे देखने के लिए राहगीरों व स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुटती रही।

चुनाव के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। दंडाधिकारी और पुलिस बल की मौजूदगी में तंबू के भीतर मतदान कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच समाज के महिला-पुरुष मतदाताओं के साथ युवाओं और बुजुर्गों ने भी मतदान में हिस्सा लिया।

मतदान प्रक्रिया देर शाम तक चलने के कारण अस्थायी बूथ पर ही रोशनी की व्यवस्था करनी पड़ी। तंबू में लाइट लगाने के बाद चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। मतदान समाप्त होने के बाद उसी स्थान पर मतगणना शुरू की गई और रविवार देर रात चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए।

उत्कल एसोसिएशन में कुल 971 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से 301 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव में डॉ. श्रीधर प्रधान को दोबारा अध्यक्ष चुना गया। वहीं जजाती केशरी पासयात को महासचिव, सुब्रत कुमार स्वान को संयुक्त सचिव और मनीष दाश को कोषाध्यक्ष चुना गया।

नई कार्यकारिणी में 25 सदस्यों का चयन किया गया। इनमें अरुण कुमार मोहंती, अशोक कुमार भुइया, बादल भुइया, विभूतिभूषण मिश्रा, विजय किशोर मिश्रा, विनोद बिहारी दास, देवी प्रसाद दास, डॉ. संजय कुमार पात्रो, डॉ. श्रीधर प्रधान, डॉ. सुचेता भुइया, ज्ञानरंजन स्वान, जजाती केशरी पासयात, जयप्रकाश मोहंती, किशोर कुमार नायक, मनीष दाश, मनोज कुमार साहू, मनोरंजन गौड़, निरंजन कुमार, संघमित्रा नायक, ससमिता पात्रो, सत्याब्रत महापात्र, सुभाष चंद्र राउल, सुब्रत कुमार स्वान, तरुण कुमार मोहंती और उमाशंकर पटनायक शामिल हैं।

चुनाव के दौरान हुए विवाद और अस्थायी मतदान केंद्र के बावजूद मतदान और मतगणना की प्रक्रिया देर रात तक पूरी कर ली गई। परिणाम सामने आने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने संस्था की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram