फॉण्ट कनवर्टर NEW

रांची में मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित, DC मंजूनाथ भजन्त्री ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

18 वर्ष पूरा करने वाले युवाओं का जुड़ेगा नाम, प्रपत्र-6 व प्रपत्र-8 से दूर होगी मतदाता सूची की त्रुटियां, अगस्त में लगेंगे विशेष कैंप

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची, मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय के ब्लॉक ए सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन की विस्तृत जानकारी देना और निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी व त्रुटिरहित बनाना था।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी रांची बिवेक सुमन, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और निर्वाचन शाखा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया और क्रमवार तरीके से पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े सभी सवालों के जवाब दिए।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल ceo.jharkhand.gov.in पर जाकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम ऑनलाइन खोज सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं द्वारा निर्धारित अवधि में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) किसी कारणवश बीएलओ (BLO) के पास जमा नहीं किया जा सका था, वे अब पात्र नागरिक प्रपत्र-6 (Form-6) भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, जिन मतदाताओं का नाम अपने मुख्य मतदान केंद्र से हटकर किसी अन्य बूथ पर चला गया है या परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों में दर्ज हो गए हैं, वे प्रपत्र-8 (Form-8) के माध्यम से संशोधन कराकर अपना नाम सही केंद्र पर स्थानांतरित करा सकते हैं।
1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए युवा भी प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं। इसके लिए जिला निर्वाचन शाखा के हेल्पडेस्क मैनेजर और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के नोडल पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से फार्म भरवाने में सहायता की जाएगी।
विशेष शिविर व महत्वपूर्ण तिथियां:
प्रारूप प्रकाशन के बाद दावों और आपत्तियों के संग्रहण के लिए जिले भर के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे:
  • प्रथम विशेष कैंप: 8 अगस्त एवं 9 अगस्त 2026
  • द्वितीय विशेष कैंप: 22 अगस्त एवं 23 अगस्त 2026
  • विशेष ग्राम सभा (SIR हेतु): 15 अगस्त 2026
जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन विशेष शिविरों का लाभ उठाएं और मतदाता सूची को अद्यतन व त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram