फॉण्ट कनवर्टर NEW

रमजान में रोजेदार रेलकर्मियों को 2 घंटे पहले छुट्टी की मांग

Chakradharpur news: पश्चिमी सिंहभूम जिला में पवित्र रमजान माह को देखते हुए ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन (एआईआरटीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने रोजा रखने वाले रेल कर्मचारियों को प्रतिदिन ड्यूटी समय से दो घंटे पहले कार्यमुक्त करने की मांग उठाई है। इस

अपनी भाषा में पढ़ें

Chakradharpur news: पश्चिमी सिंहभूम जिला में पवित्र रमजान माह को देखते हुए ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन (एआईआरटीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने रोजा रखने वाले रेल कर्मचारियों को प्रतिदिन ड्यूटी समय से दो घंटे पहले कार्यमुक्त करने की मांग उठाई है। इस संबंध में यूनियन की ओर से दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को पत्र सौंपा गया है।

पत्र में कहा गया है कि 19 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक रमजान का महीना चल रहा है और इस अवधि में मुस्लिम रेल कर्मचारी रोजा रखकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। चांद मोहम्मद ने मांग की है कि ऐसे कर्मचारियों को मानवीय आधार पर प्रतिदिन दो घंटे पहले कार्यस्थल से मुक्त किया जाए, ताकि वे समय पर अपने घर पहुंचकर इफ्तार कर सकें और धार्मिक कर्तव्यों का पालन सुचारू रूप से कर सकें।

उन्होंने रेलवे बोर्ड के पूर्व आदेश पत्र संख्या 2016/जी-35/1 दिनांक 7 जून 2016, नई दिल्ली का उल्लेख करते हुए कहा है कि पूर्व में भी रमजान के दौरान विशेष व्यवस्था लागू की गई थी। उसी आदेश के आलोक में इस वर्ष भी रोजेदार कर्मचारियों को राहत देने की व्यवस्था की जानी चाहिए।

यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा रेलवे के सभी विभागों में कार्यरत उन कर्मचारियों को दी जाए जो रमजान में रोजा रख रहे हैं। पत्र की प्रतिलिपि वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, चक्रधरपुर मंडल को भी भेजी गई है।

चक्रधरपुर निवासी चांद मोहम्मद ने उम्मीद जताई है कि रेल प्रशासन उनकी इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए रोजेदार कर्मचारियों को आवश्यक सहूलियत प्रदान करेगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram