रांची: इचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं और 7 सूत्री मांगों को लेकर भाजपा जिला मंत्री रूपेश वर्मा (पप्पू वर्मा) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में सामाजिक कार्यकर्ता, आदिवासी भूमिज मुंडा युवा समाज के प्रतिनिधि और क्षेत्र के कई प्रमुख लोग शामिल थे।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इचागढ़ डैम विस्थापितों की 44 वर्षों से लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि विस्थापितों को इतने दशकों बाद भी पूर्ण सुविधाएं, बकाया भुगतान और विकास पुस्तिकाएं नहीं मिल सकी हैं। इसके अलावा पुनर्वास कॉलोनियों में पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है।
प्रतिनिधिमंडल ने भूमिज समाज के पारंपरिक समाधि स्थल ‘हरसाली’ के डूब क्षेत्र में आने का मुद्दा भी उठाया और मांग की कि समाज के लोगों को अंतिम संस्कार के लिए अविलंब नई भूमि उपलब्ध कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से इन सभी समस्याओं के त्वरित और स्थायी समाधान के लिए उचित पहल करने का आग्रह किया है।



