Lohardaga news: अकिल एड़पा कार्यक्रम के तहत मंगलवार को उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम ने राजकीयकृत प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय, लोहरदगा का निरीक्षण किया। उपायुक्त के निर्देश पर किए गए इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करना और विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था को और मजबूत करना रहा। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को सिलेबस समय पर पूरा कराने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और कमजोर छात्रों के लिए विशेष रिमेडियल कोचिंग चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चिह्नित कर उन्हें अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग दिया जाए, ताकि परीक्षा परिणाम में अपेक्षित सुधार लाया जा सके।
उन्होंने प्रत्येक माह आयोजित होने वाली रेल परीक्षा के परिणामों की नियमित समीक्षा करने तथा पिछले वार्षिक परीक्षा परिणामों का विश्लेषण कर कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही शिक्षकों की ससमय उपस्थिति को अनिवार्य बताते हुए अनधिकृत अनुपस्थिति पर कार्रवाई की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों विन्दी वृज बाला सांगा (जीव विज्ञान), निलिमा तिर्की (संस्कृत), आनंद ठाकुर (भौतिक विज्ञान) एवं जन्मजय यादव (सामाजिक विज्ञान) से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश प्रभारी प्रधानाध्यापक को दिया गया। डीडीसी ने स्पष्ट किया कि आकस्मिक अवकाश की स्वीकृति केवल व्हाट्सऐप संदेश के आधार पर नहीं दी जाए, बल्कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए।
विज्ञान संकाय के शिक्षकों को पीसीएम एवं पीसीबी के विद्यार्थियों का हर माह कम-से-कम दो बार टेस्ट लेने तथा परिणाम के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों के लिए सुधारात्मक रणनीति तैयार करने को कहा गया। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों के परीक्षा परिणामों का विषयवार विश्लेषण कर उन विषयों की पहचान करने का निर्देश दिया गया, जिनमें विद्यार्थियों का प्रदर्शन कमजोर रहा है।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, निरंतर मूल्यांकन और कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग देकर विद्यालय के परीक्षा परिणाम में व्यापक सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने आगामी माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक परीक्षाओं में शत-प्रतिशत सफलता का लक्ष्य निर्धारित करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों को पूरी गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सीआरपी श्याम कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।




