गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार बाजार में गुरुवार को पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े यूको बैंक में डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधी बैंक से करीब 4 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। इस दौरान अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। पूरी वारदात करीब 20 मिनट तक चली।
दोपहर 12:44 बजे बैंक में घुसे पांच अपराधी
बैंक प्रबंधक के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में घुसे। अंदर पहुंचते ही उन्होंने कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। एक अपराधी ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि अन्य अपराधियों ने सभी लोगों को एक जगह रोक दिया।
लॉकर से सोना और नकदी लेकर हुए फरार
इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर को निशाना बनाया और वहां रखे सोने के जेवरात और नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बैंक से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया, जिससे कर्मचारी और ग्राहक अंदर ही फंसे रह गए।
विरोध करने पर ग्राहक के साथ मारपीट
घटना के समय बैंक में 20 हजार रुपये जमा करने पहुंचे मो. महताब ने बताया कि अपराधियों ने सभी लोगों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था। उन्होंने उनसे भी रुपये मांगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
स्थानीय लोगों ने खोला बैंक का ताला
अपराधियों के जाने के बाद बैंक के अंदर फंसे लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बैंक के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला खोलकर सभी को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे। इसके बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस बैंक कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
थाना से महज 200 मीटर दूर हुई वारदात
हैरानी की बात यह है कि यूको बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
घटना के बाद धनवार बाजार के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और जांच में जुटी है।






