अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jakarta, Indonesia: एक अविवाहित प्रेमी जोड़े को सोशल मीडिया ऐप टिकटॉक पर लाइव आकर ‘किस’ करना बेहद महंगा पड़ गया। यह चौंकाने वाला मामला इंडोनेशिया के आचे प्रांत का है, जहां शरिया अदालत ने दोनों को शरिया कानून का उल्लंघन करने का दोषी पाया है। कोर्ट के आदेश पर युवक और युवती को सार्वजनिक तौर पर 21-21 कोड़े मारने की सजा दी गई, जिसे देखने के लिए पार्क में सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
Read more: बाथरूम में एक-दूसरे को किस करते हुए पकड़े गए दो युवक… फिर मिली खौफनाक सजा
कार के अंदर किया था टिकटॉक लाइव, 4 महीने रहे जेल में
पूरा वाकया तब शुरू हुआ जब 22 साल के युवक और 25 साल की युवती ने एक कार के भीतर टिकटॉक पर लाइव स्ट्रीमिंग की थी। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को ‘किस’ किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद शरिया पुलिस ने अप्रैल में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट की सुनवाई पूरी होने तक कपल को लगभग चार महीने जेल की सलाखों के पीछे गुजारने पड़े। अदालत ने न सिर्फ कोड़े मारने की सजा सुनाई, बल्कि साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और यूएसबी ड्राइव को भी तुरंत नष्ट करने का हुक्म दिया।
आचे प्रांत में चलता है सख्त इस्लामी नियम, एमनेस्टी ने जताया विरोध
गुरुवार को आचे की राजधानी बांदा आचे के एक सिटी पार्क में बने खुले मंच पर इस सजा को अंजाम दिया गया। चेहरा ढके हुए जल्लादों ने दोनों को बेंत से 21-21 कोड़े लगाए। गौरतलब है कि आचे इंडोनेशिया का एकमात्र ऐसा प्रांत है जहां बेहद कड़ा शरिया कानून लागू है। साल 2006 में अलगाववादी संघर्ष खत्म होने के बाद इस प्रांत को विशेष स्वायत्तता मिली थी, जिसे 2015 में गैर-मुस्लिमों पर भी लागू कर दिया गया। यहां जुआ, शराब, गैर-विवाहित संबंध और महिलाओं के तंग कपड़ों पर कोड़े बरसाए जाते हैं। इसी दिन चार अन्य लोगों को भी ऑनलाइन जुए के आरोप में कोड़े मारे गए। इस बीच मानवाधिकार संगठन ‘एमनेस्टी इंटरनेशनल’ ने इस क्रूर सजा की कड़ी आलोचना करते हुए इसे मानवाधिकारों का घोर हनन बताया है।

