धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के निरसा में अवैध कोयला खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई CISF और ECL की संयुक्त टीम पर बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना गुरुवार शाम की है। टीम राजा कोलियरी में अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराकर लौट रही थी। इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास जंगल में पहले से घात लगाकर बैठे 8 से 10 हमलावरों ने जवानों को घेर लिया।
हमलावरों ने टीम की बोलेरो गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की और जब्त की गई एक मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। बदमाश दूसरी बाइक भी ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन इसी बीच अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंच गए। जवानों को आता देख हमलावर दूसरी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। इस घटना में बोलेरो चालक और गाड़ी में सवार दो जवान बाल-बाल बच गए।
राजा कोलियरी में बंद कराए गए थे अवैध खनन के 24 मुहाने
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम CISF और ECL की संयुक्त टीम ने राजा कोलियरी में अवैध कोयला खनन के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान टीम ने अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराया। इसके साथ ही चोरी का कोयला ढोने में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की थीं।
कार्रवाई पूरी करने के बाद जवान दोनों मोटरसाइकिलों को ट्रैक्टर पर लादकर निरसा थाना ले जा रहे थे। इसी दौरान बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप के पास जंगल में छिपे 8 से 10 हमलावरों ने टीम को घेर लिया और हमला कर दिया।
बोलेरो में तोड़फोड़ की, एक जब्त बाइक लेकर भागे बदमाश
हमलावरों ने जवानों को लेकर जा रही बोलेरो गाड़ी में तोड़फोड़ की। इसके बाद जब्त की गई एक मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। बदमाश दूसरी बाइक भी ले जाने की कोशिश में थे, लेकिन तभी अतिरिक्त जवान वहां पहुंच गए। जवानों को देखकर हमलावर दूसरी मोटरसाइकिल जंगल में छोड़कर भाग गए। बाद में टीम ने उस बाइक को बरामद कर लिया।
अतिरिक्त जवानों के समय पर पहुंचने से बोलेरो चालक और उसमें सवार दो जवान सुरक्षित बच गए। घटना के बाद वाहन के चालक और मालिक लाल बहादुर प्रसाद ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। उनका कहना है कि जब दिनदहाड़े सुरक्षा जवानों पर हमला हो सकता है, तो वाहन चालकों और दूसरे कर्मचारियों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
SDPO बोले- शिकायत मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
घटना को लेकर निरसा के SDPO लिलेश्वर महतो ने बताया कि CISF की टीम दो जब्त मोटरसाइकिल लेकर वाहन से लौट रही थी। इसी दौरान 8 से 10 युवकों ने टीम पर पत्थरबाजी की और एक जब्त मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि इस मामले में CISF की ओर से लिखित शिकायत दी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कोयला कारोबार पर कार्रवाई के दौरान सुरक्षा पर उठे सवाल
निरसा में हुई इस घटना के बाद अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जिस टीम ने अवैध खनन के 24 मुहानों को बंद कराया, उसी टीम पर वापसी के दौरान हमला हो गया। जब्त मोटरसाइकिल भी छीन ली गई।
इस घटना ने साफ कर दिया है कि इलाके में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है। अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।




