पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास से ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प’ अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने ‘कायाकल्प’ पोर्टल भी लॉन्च किया। अभियान का उद्देश्य सरकारी भवनों और सार्वजनिक सुविधाओं की मरम्मत और सुधार के काम को तय समय में पूरा करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकारी परिसंपत्तियों के छोटे-मोटे मरम्मत और सुधार के काम 30 नवंबर 2026 तक पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को इन कामों को दीपावली से पहले पूरा करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
अभियान के तहत स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन, अंबेडकर छात्रावास, कर्पूरी ठाकुर छात्रावास समेत अन्य सरकारी भवनों में लंबित छोटे काम पूरे किए जाएंगे।
पोर्टल पर मिलेगी योजनाओं की जानकारी
‘कायाकल्प’ पोर्टल और ऐप के जरिए ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पंचायती राज, नगर विकास एवं आवास, शिक्षा, पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग कल्याण और अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति की जानकारी रियल टाइम में मिल सकेगी।
सरकार ने नए विकास कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अभियान की निगरानी मंत्री और अधिकारी करेंगे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की गई है।




