रांची: झारखंड की राजधानी रांची स्थित मोरहाबादी मैदान में आगामी 30 अगस्त 2026 को ऐतिहासिक ‘आदिवासी एकता महाजुटान रैली’ का आयोजन होने जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
गुरुवार, 27 अगस्त को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रैली के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें कार्यक्रम में सम्मिलित होने का औपचारिक निमंत्रण सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस महाजुटान रैली का मुख्य उद्देश्य राज्य में आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, संवैधानिक अधिकारों, अस्तित्व, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक हितों की रक्षा करना है। यह मंच आदिवासी अधिकारों की आवाज को प्रमुखता से उठाने और समाज में एकजुटता का संदेश देने का काम करेगा।
इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल में शशि पन्ना, अजय तिर्की, रमा खलखो, अनिल पन्ना, ज्योत्सना केरकेट्टा, शिवा कच्छप, अनिल उरांव और पुष्कर बड़ाईक सहित समाज के कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।





