के. दुर्गा राव, सरायकेला।

सरायकेला-खरसावां क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बी डिवीजन क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कांड्रा स्थित एस.के.जी. ग्राउंड में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मैच स्टूडेंट क्लब बी और चैंपियंस क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियंस क्रिकेट क्लब ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।

सत्यकला क्रिकेट एकेडमी, कांड्रा के बैनर तले आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी और स्थानीय नागरिक मैदान में उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए रोमांचक मुकाबला पेश किया, जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांड्रा पंचायत के पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुधीर चंद्र महतो, समाजसेवी लाल बाबू महतो एवं राम महतो उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

सत्यकला क्रिकेट एकेडमी के संचालक अंकेश चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करती हैं।

इस अवसर पर राज कपूर, शोभित मिश्रा, गिरीश वार्ष्णेय, विशाल यादव, विक्की रजक, रंजीत सेन उर्फ पीनू, शक्ति आचार्य, पंचानन महतो, नीरज सिंह, स्वरूप दे, अंकित महतो, विवेक, बिट्टू, राजेश गोस्वामी, नीलू, मिहिर मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

अंत में विजेता चैंपियंस क्रिकेट क्लब एवं उपविजेता स्टूडेंट क्लब बी के खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की गई। खेलप्रेमियों ने भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन की मांग की, ताकि क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और अवसर मिल सके।

Share.
Exit mobile version