के. दुर्गा राव, सरायकेला।
झारखंडी अधिकार, खतियानी आधारित स्थानीय नीति तथा जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने वाले जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो लगभग सात माह बाद जेल से रिहा होकर अपने क्षेत्र लौटे। उनकी रिहाई पर समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने पूरे ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भव्य सम्मान सह बाइक रैली निकालकर उनका जोरदार स्वागत किया।
रैली में बड़ी संख्या में युवा, किसान, मजदूर और आम नागरिक शामिल हुए। जगह-जगह समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। रैली के दौरान क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर तरुण महतो ने कहा कि क्षेत्र की जनता का प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम लोगों के हक-अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे।
तरुण महतो ने अपनी धर्मपत्नी भानुमति महतो के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी अनुपस्थिति में उन्होंने जनता के बीच रहकर जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और हर परिस्थिति में उनका साथ दिया। उन्होंने इसके लिए उनका विशेष आभार व्यक्त किया।
पूर्व प्रत्याशी ने क्षेत्रवासियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन से उन्हें नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने जनहित, न्याय और क्षेत्र के विकास की लड़ाई को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
तरुण महतो की रिहाई और स्वागत रैली को लेकर पूरे ईचागढ़ क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने उनका अभिनंदन कर उनके प्रति अपना समर्थन और विश्वास व्यक्त किया।



