गुमला/चैनपुर:- चैनपुर में मुहर्रम का पावन त्योहार शांति, सौहार्द और अकीदत के साथ मनाया गया। सेंट्रल मुहर्रम कमेटी के सदर शकील खान की अगुवाई में क्षेत्र में एक भव्य और ऐतिहासिक मुहर्रम जुलूस निकाला गया। इस दौरान विभिन्न ग्रामीण इलाकों से आए अखाड़ों और कलाकारों ने पारंपरिक हथियारों और वाद्य यंत्रों के साथ हैरतअंगेज कला का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में जनसैलाब उमड़ पड़ा।मुहर्रम का मुख्य जुलूस आनंदपुर से शुरू होकर कुरुनगढ़ मोड़ और थाना रोड होते हुए आजाद बस्ती पहुंचा। जुलूस में लोहरदगा, चापी, चैनपुर और जमगाई के कलाकारों ने तासा, ढोल और नगाड़ों की गूंज के बीच समां बांध दिया। सेंट्रल मुहर्रम कमेटी के सदस्यों और वॉलिंटियर्स की देखरेख में जुलूस पूरी तरह अनुशासित और व्यवस्थित रहा।जुलूस का मुख्य आकर्षण लोहरदगा के भंडारा से आए ‘शेरे हिंद’ कुसुमडीह की 15 टीमें और भुवाल टोली कोटान से आए 25 लोग रहे। इन कलाकारों ने तासा की थाप पर लाठी और तलवारबाजी के एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज और पारंपरिक करतब दिखाकर उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।आजाद बस्ती पहुंचने पर जुलूस में मुख्य अतिथि के रूप में गुमला विधायक भूषण तिर्की शामिल हुए।
चैनपुर में तासा की थाप पर कलाकारों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, मुहर्रम जुलूस में उमड़ा जनसैलाब
लोहरदगा, चापी, चैनपुर और जमगाई के कलाकारों ने तासा, ढोल और पारंपरिक करतबों से बांधा समां, शांतिपूर्ण रहा आयोजन




