गुमला/चैनपुर: देश सेवा में वर्षों तक अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर अजीत कुमार कुजूर को शनिवार को उनके पैतृक गांव बिंदोरा में पूरे राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया और हर आंख नम हो उठी। जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार कुजूर धनबाद स्थित बीसीसीएल में CISF के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत थे। वे हाल ही में अवकाश लेकर अपने गांव आए थे, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। शनिवार को गांव बिंदोरा में उनके अंतिम संस्कार के दौरान सैन्य सम्मान की विशेष व्यवस्था की गई। रांची से पहुंची 2nd IRB बटालियन की टीम ने सब इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव के नेतृत्व में गार्ड ऑफ ऑनर देकर देश के सपूत को अंतिम सलामी दी। इसके बाद विभाग की ओर से सम्मानपूर्वक तिरंगा झंडा उनके परिजनों को सौंपा गया। परिजनों के अनुसार, अजीत कुमार कुजूर 15 जनवरी 1994 को CISF में शामिल हुए थे और लंबे समय से देश की सेवा कर रहे थे। उनकी पुत्री रिया कुजूर ने बताया कि 25 जून को वे छुट्टी लेकर घर आए थे, लेकिन अचानक स्वास्थ्य खराब होने से यह दुखद घटना हो गई। विभागीय प्रावधानों के अनुसार आश्रित परिवार को अनुकंपा के आधार पर नौकरी और अन्य सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। अंतिम संस्कार में पुलिस प्रशासन, विभागीय अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

Share.
Exit mobile version