Ranchi: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के मानव संसाधन विकास (HRD) विभाग ने “मानव संसाधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence-AI) की भूमिका” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का उद्देश्य मानव संसाधन प्रबंधन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देना तथा अधिकारियों को AI आधारित कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। इसमें विभिन्न एरिया कार्यालयों एवं मुख्यालय से लगभग 50 मानव संसाधन (HR) अधिकारियों ने भाग लिया।
बदलते कार्यस्थल में AI की भूमिका पर दिया गया जोर
कार्यक्रम की शुरुआत में महाप्रबंधक (HRD) एम.एफ. हक ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते कार्यस्थल में कृत्रिम बुद्धिमत्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि AI अब केवल सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव संसाधन प्रबंधन सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में भी इसका प्रभावी उपयोग हो रहा है।
उन्होंने अधिकारियों से नई तकनीकों को अपनाने, स्वयं को समय के अनुरूप अपडेट रखने तथा AI के माध्यम से कर्मचारियों से जुड़े कार्यों को अधिक तेज, सटीक और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
AI के उपयोग में नैतिकता और डेटा सुरक्षा भी जरूरी : सीएस तिवारी
कार्यशाला का उद्घाटन निदेशक (तकनीकी/संचालन) सीएस तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि AI के उपयोग से निर्णय प्रक्रिया अधिक तेज और पारदर्शी बन सकती है, लेकिन इसके साथ डेटा सुरक्षा, नैतिकता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जिन परिस्थितियों में मानवीय संवेदनशीलता और विवेक की आवश्यकता होती है, वहां तकनीक मानव की भूमिका का विकल्प नहीं बन सकती। इसलिए AI का उपयोग हमेशा संतुलित और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
अधिकारियों को AI के व्यावहारिक उपयोग की दी गई जानकारी
कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञ देशबंधु मिश्रा एवं अन्य प्रशिक्षकों ने AI के व्यावहारिक उपयोग से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। अधिकारियों को बताया गया कि AI की सहायता से योग्य अभ्यर्थियों की तेजी से शॉर्टलिस्टिंग, कर्मचारियों के प्रदर्शन का विश्लेषण, डेटा आधारित मूल्यांकन तथा प्रशिक्षण आवश्यकताओं की पहचान अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकती है।
इस दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की, प्रश्न पूछे तथा अपने कार्यानुभव साझा करते हुए AI के उपयोग को समझने का प्रयास किया।
भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर
कार्यशाला के समापन पर प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से AI आधारित तकनीकों को समझने और कार्यस्थल पर उनके उपयोग को लेकर उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि बदलती तकनीक के अनुरूप मानव संसाधन प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।




