फॉण्ट कनवर्टर NEW

चुट्टूपालू घाटी में मौत को मात: दो ट्रकों के बीच दबी कार से 3 घंटे बाद जिंदा निकले दो लोग

रामगढ़: जिले की चुट्टूपालू घाटी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो ट्रकों के बीच एक कार पूरी तरह दब गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों ने कार में सवार लोगों के बचने की उम्मीद

Oplus_131072

अपनी भाषा में पढ़ें

रामगढ़: जिले की चुट्टूपालू घाटी में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो ट्रकों के बीच एक कार पूरी तरह दब गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों ने कार में सवार लोगों के बचने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। लेकिन करीब तीन घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस, जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों की संयुक्त कोशिश से कार में फंसे महिला और पुरुष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और सामने चल रहे दूसरे ट्रक के ऊपर जा गिरा। इसी दौरान दोनों ट्रकों के बीच चल रही एक कार पूरी तरह दब गई। कार का केवल एक छोटा हिस्सा ही बाहर दिखाई दे रहा था। अंदर से आ रही आवाज सुनकर लोगों को पता चला कि उसमें दो लोग जिंदा फंसे हुए हैं।

सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस, जिला प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। दोनों ट्रकों में भारी सामान लदा होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद कठिन साबित हुआ। पहले ट्रक का सामान खाली कराया गया, फिर क्रेन, हाइड्रा, जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से ट्रकों को हटाया गया। करीब तीन घंटे की लगातार मशक्कत के बाद कार तक पहुंचकर कार में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू के बाद महिला ने भावुक होकर कहा कि यह ऊपरवाले की कृपा, लोगों की दुआओं और रेस्क्यू टीम की अथक मेहनत का परिणाम है कि हमारी जान बच सकी। उन्होंने बताया कि पूरी टीम लगातार उनसे बातचीत करती रही, जिससे उनका हौसला बना रहा। दोनों हजारीबाग मेडिकल कॉलेज जा रहे थे और हादसे में घायल होने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से ट्रक का सामान हटाकर रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया। समय रहते किए गए इस अभियान ने दो लोगों की जान बचा ली।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram