Ramgarh: रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड की कुम्हारदगा और सरला कला पंचायत से सटे बाघलतवा जंगल में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर आसपास के खेतों में पहुंच गया और धान समेत कई फसलों को रौंद दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं, वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप और प्रभावी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
कई किसानों की फसल को भारी नुकसान
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों ने खेतों में घुसकर धान सहित अन्य फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचाया। इस घटना में कुम्हारदगा निवासी धीरेन महतो और अकल्यू महतो तथा सरला कला के सोहन महतो, ऋषि महतो, सुरेश महतो और महिलाल महतो की फसलें सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। किसानों का कहना है कि लगातार हो रहे नुकसान से खेती पर संकट गहरा गया है। उन्होंने मांग की कि प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।
हाथियों के साथ सेल्फी लेना पड़ सकता है भारी
हाथियों के जंगल में डेरा जमाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने और मोबाइल से फोटो व सेल्फी लेने के लिए मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीणों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार जंगली हाथियों से हमेशा सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए, क्योंकि मामूली उकसावे पर भी वे आक्रामक हो सकते हैं।
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने, हाथियों के झुंड को आबादी से दूर सुरक्षित क्षेत्र में भेजने तथा जंगल और आसपास के इलाकों में नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं, सेल्फी लेने या उन्हें परेशान करने का प्रयास न करें और वन विभाग के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।




