MUMBAI: बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। करीब छह साल पुराने इस संवेदनशील मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने बड़ा और ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए पूरी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने का निर्देश दिया है। अदालत ने मामले में विधिवत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर नए सिरे से गहन जांच शुरू करने और दिशा के पिता सतीश सालियान का बयान दर्ज करने का आदेश जारी किया है।
पिता ने लगाई थी नए सिरे से निष्पक्ष जांच की गुहार
दिशा के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मुंबई पुलिस की पूर्व जांच पर असंतोष जताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी की मौत सामान्य नहीं थी और पूर्व की जांच में कई बुनियादी सवालों के उत्तर नहीं दिए गए। उनका यह भी दावा था कि कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए मामले में लापरवाही बरती गई। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने मामला सीबीआई के सुपुर्द करने का निर्णय लिया।
अदालत के आदेश के बाद सतीश सालियान ने कहा कि उन्हें इस दिन का पिछले 6 साल से इंतजार था। उन्होंने कहा कि वे अपनी बेटी को खो चुके हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि सीबीआई अब इस मामले की तह तक जाएगी और सच्चाई सामने लाएगी।
शुरुआत से होगी जांच, सभी दस्तावेज होंगे ट्रांसफर
याचिकाकर्ता के वकील नीलेश ओझा ने मीडिया को बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशानुसार सीबीआई अब इस मामले में नियमित एफआईआर दर्ज करेगी। जांच के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किया जाएगा और मामले से जुड़े सभी पिछले केस डायरी व दस्तावेज सीबीआई को सौंपे जाएंगे ताकि एजेंसी पहले दिन से पूरे घटनाक्रम की स्वतंत्र जांच कर सके। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल पुख्ता सबूतों के आधार पर ही कार्रवाई होनी चाहिए और बिना साक्ष्य किसी को आरोपी नहीं बनाया जाएगा।
क्या था पूरा घटनाक्रम?
उल्लेखनीय है कि 28 वर्षीय दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड स्थित एक बहुमंजिला इमारत से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने के कारण हुई थी। इस घटना के ठीक 6 दिन बाद, 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित फ्लैट में मृत पाए गए थे। दोनों मौतों के बीच कम समय के अंतर को लेकर लंबे समय से कई तरह की आशंकाएं और सवाल उठाए जा रहे थे। मुंबई पुलिस ने शुरुआत में इसे दुर्घटनावश मौत (ADR) और बाद में आत्महत्या करार दिया था, लेकिन अब सीबीआई जांच से सच सामने आने की उम्मीद बंधी है।





