पलामू: हरिहरगंज थाना क्षेत्र की बटाने नदी में नहाने के दौरान डूबे एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान बिहार के बोधगया जिले के खरौना गांव निवासी रितिक कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, टेनी नाम का एक अन्य युवक अब भी लापता है।
जानकारी के अनुसार, रितिक कुमार औरंगाबाद में व्यापार करते थे। शनिवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने हरिहरगंज पहुंचे थे। तीनों बेलघाटी पुल के पास बटाने नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी और तेज धार की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राजेंद्र साव (40 वर्ष) को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। वहीं, रितिक कुमार और टेनी नदी में डूबने के बाद लापता हो गए।
काफी तलाश के बाद रितिक कुमार का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, लापता टेनी की तलाश अभी भी जारी है। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में उसकी खोज की जा रही है।




