रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष अभिलाष साहू और को-ऑर्डिनेटर अमरेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई ईरबा में सड़क जाम के दौरान वायरल हुए एक वीडियो के मामले में की गई है। इस मामले की प्रदेश अनुशासन समिति ने सुनवाई की थी। सुनवाई के बाद दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया गया।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन एवं प्रशिक्षण) सुनीत शर्मा ने 29 अगस्त को कांग्रेस भवन, रांची से निलंबन का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, दोनों नेताओं को अगले आदेश तक पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया है। निलंबन तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
पार्टी ने इस आदेश की जानकारी झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, सहप्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद समेत कांग्रेस विधायक दल के नेता-उपनेता, मंत्री, सांसद, विधायक और अनुशासन समिति के पदाधिकारियों को भी दी है।
कांग्रेस की इस कार्रवाई को पार्टी में अनुशासन को लेकर सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।




