रांची: झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) आज होने जा रही है। इस बैठक पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। बैठक में दो आजीवन सदस्यों को दुर्व्यवहार के आरोपों के चलते संघ से बाहर करने के प्रस्ताव पर अंतिम फैसला हो सकता है।
निष्कासन की सूची में एसए रहमान और एसबी सिंह के नाम प्रमुख हैं। एसए रहमान को धनबाद क्रिकेट संघ पहले ही मिसकंडक्ट के आरोप में हटा चुका है। JSCA के नियमों के अनुसार, जिला संघ से निष्कासित सदस्य राज्य संघ की सदस्यता भी खो देता है। वहीं, कमिटी ऑफ मैनेजमेंट ने एसबी सिंह को भी दोषी माना है।
AGM में इन दोनों सदस्यों के निष्कासन के अलावा संघ से जुड़े कई प्रशासनिक और वित्तीय मामलों पर भी चर्चा होगी। कुछ नियुक्तियों को भी बैठक में आधिकारिक मंजूरी दी जा सकती है।
एसबी सिंह ने SSP से की शिकायत
AGM से पहले एसबी सिंह ने रांची SSP को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी है। उन्होंने भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच के दौरान टिकट वितरण में वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। सिंह ने मामले में FIR दर्ज कर जांच कराने की मांग की है।
शिकायत की एक कॉपी राज्य के DGP को भी भेजी गई है। इस शिकायत के बाद JSCA के अंदर चल रहा विवाद और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।




