नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा देशभर में विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। ‘सेवा दूत अभियान’ के नाम से चलने वाला यह कार्यक्रम 1 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। अभियान के जरिए पार्टी कार्यकर्ता आम लोगों तक पहुंचेंगे और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी को इस अभियान का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। अभियान का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं को जानने पर भी जोर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: पंजाब में आप की महारैली से पहले हादसा, कॉफी मशीन में विस्फोट से मची अफरा-तफरी
इसके लिए भाजपा अपने वरिष्ठ नेताओं और चुनिंदा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भेजेगी। इन्हें सेवा दूत और विस्तारक के रूप में जिम्मेदारी दी जाएगी। ये कार्यकर्ता निर्धारित क्षेत्र में रहकर गांवों, शहरी वार्डों और मतदान केंद्रों पर लोगों से संपर्क करेंगे।
योजना के अनुसार, प्रत्येक सेवा दूत को एक संगठनात्मक मंडल में करीब पांच दिन बिताने होंगे। इस दौरान वे सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी जुटाएंगे। आम लोगों की शिकायतों और सुझावों को भी दर्ज किया जाएगा, ताकि उन्हें पार्टी और सरकार के नेतृत्व तक पहुंचाया जा सके।
अभियान के तहत कई राज्यों में कार्यकर्ताओं को उनके गृह जिले से बाहर जिम्मेदारी देने की तैयारी है। जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश में इस व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पार्टी का मानना है कि इससे कार्यकर्ता दूसरे क्षेत्रों की समस्याओं और स्थानीय परिस्थितियों को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
यह भी पढ़ें: शेयर बाजार में मिला-जुला कारोबार, आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
सेवा दूत अभियान को लेकर बिहार, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में संगठनात्मक कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत आगामी चुनाव वाले राज्यों में भी इसकी तैयारियां तेज की जा रही हैं।
25 दिनों तक चलने वाले इस अभियान का समापन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस पर होगा। यह दिन पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के रूप में मनाया जाता है।
संबंधित खबरें
- भारत पंजाब में आप की महारैली से पहले हादसा, कॉफी मशीन में विस्फोट से मची अफरा-तफरी
- भारत शेयर बाजार में मिला-जुला कारोबार, आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
- भारत कोलकाता नगर निगम चुनाव पर फिलहाल ब्रेक, सुप्रीम कोर्ट ने दिया हाईकोर्ट में सुनवाई का सुझाव
- भारत मणिपुर में KCP के 5 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद







