फॉण्ट कनवर्टर NEW

सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को मिली सौगात, खाते में पहुंचे 1100-1100 रुपये

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 1 करोड़ 1 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के जरिए 1157 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित लोक सेवक आवास के ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 1 करोड़ 1 लाख 33 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 1157 करोड़ 72 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की। योजना के तहत प्रति लाभार्थी 1100 रुपये की दर से राशि भेजी गई है। इस दौरान सभी जिलों के जिलाधिकारी और लाभार्थी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े रहे।

हर महीने की 10 तारीख को होगा पेंशन का भुगतान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को पहले के 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये किया गया है।

जिलाधिकारियों को छूटे हुए पात्रों को जोड़ने का निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि राज्य का कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पेंशन वितरण पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध होना चाहिए ताकि समाज के बुजुर्गों, दिव्यांगों और वंचित वर्गों को इसका लाभ सुचारू रूप से मिल सके।

125 यूनिट मुफ्त बिजली और सब्सिडी का जिक्र

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि बिहार के 1 करोड़ 70 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली प्रदान की जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी खर्च की जा रही है। उन्होंने दोहराया कि सरकार गरीब और जरूरतमंद वर्गों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कई वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री रहे मौजूद

कार्यक्रम की शुरुआत में सामाजिक सुरक्षा निदेशक डॉ. प्रीति ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया, जिसके बाद योजना पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, और समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास सहित कई अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram