Patna: सरकारी नौकरी की तैयारी और बेहतर भविष्य के सपनों के बीच महज चंद रुपयों का लालच किस तरह युवाओं को जुर्म की राह पर धकेल रहा है, इसकी बानगी पटना जंक्शन पर देखने को मिली। इंदौर एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से पटना पहुंची बीए की एक छात्रा को उसके साथी युवक के साथ शराब तस्करी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में युवती के पर्स और बैग से लगभग 14 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब की बोतलें बरामद की गईं।
पटना जंक्शन पर शराब तस्करी का भंडाफोड़
सहरसा की नेहा झा के मामले के बाद युवतियों के शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़ने का यह दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस को पहले से ही सूचना थी कि एक युवती ट्रेन के जरिए शराब की खेप लेकर पटना जंक्शन आ रही है।
इंदौर एक्सप्रेस से उतरते ही बिछाया गया जाल
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर और निकास द्वारों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी थी। जैसे ही ट्रेन रुकी और युवती अपने साथी के साथ बाहर निकलने लगी, पुलिस ने उन्हें संदेह के आधार पर रोक लिया।
तलाशी के दौरान जब युवती के बैग और पर्स की जांच की गई, तो उसमें से शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और माल जब्त कर पूछताछ शुरू की।
दो हजार रुपये के लालच में फंसी छात्रा
पूछताछ में सामने आया कि दानापुर निवासी यह युवती बीए की छात्रा है और बिहार पुलिस भर्ती सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। युवती के अनुसार, एक व्यक्ति ने उसे बनारस से पटना शराब पहुंचाने के एवज में दो हजार रुपये देने की बात कही थी।
नेहा झा मामले जैसा ही पैटर्न
यह घटना हाल ही में स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच से पकड़ी गई सहरसा की नेहा झा के मामले से मिलती-जुलती है। जांच एजेंसियों के लिए यह चिंता का विषय बन गया है कि किस तरह तस्कर गिरोह पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को मोहरा बना रहे हैं।



