फॉण्ट कनवर्टर NEW

पटना में बनकर तैयार हुआ बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का नया परिसर

पटना के मीठापुर में 66.92 करोड़ रुपये की लागत से 5 एकड़ भूखण्ड पर बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का आधुनिक जी+4 प्रशासनिक भवन बनकर तैयार हो गया है।
बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार में इंजीनियरिंग शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पटना के मीठापुर में बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय का नया परिसर बनकर लगभग तैयार हो गया है। भवन निर्माण विभाग द्वारा 66.92 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति से लगभग 5 एकड़ भूमि पर इस परिसर का निर्माण कार्य पूरा किया गया है। विश्वविद्यालय का मुख्य प्रशासनिक भवन जी+4 (ग्राउंड प्लस फोर) संरचना में विकसित किया गया है, जिससे सभी प्रशासनिक कार्य एक ही छत के नीचे संचालित हो सकेंगे।

जी+4 संरचना में बनी बहुमंजिला प्रशासनिक इमारत

विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में ग्राउंड फ्लोर से लेकर चौथे तल तक प्रशासनिक जरूरतों और आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। ग्राउंड फ्लोर पर रजिस्ट्रार, डीन, वित्त अधिकारी और परीक्षा नियंत्रक के कार्यालयों के साथ इवैल्यूएशन सेंटर, स्टोर रूम, कैफेटेरिया और प्रसाधन की व्यवस्था की गई है। प्रथम तल पर कुलपति का कार्यालय, कांफ्रेंस हॉल, स्कैनिंग रूम और इवैल्यूएशन सेंटर बनाए गए हैं।

तलों के अनुसार तय की गई कार्य व्यवस्था

द्वितीय तल पर 11 कार्यालय कक्ष, छह स्टोर रूम, पांच स्कैनिंग रूम, एक इवैल्यूएशन सेंटर और एक कांफ्रेंस हॉल का निर्माण किया गया है। तृतीय तल पर पांच रिकॉर्ड रूम के साथ स्टोर और स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है। चौथे तल पर एक अतिरिक्त इवैल्यूएशन सेंटर और दो विशाल हॉल बनाए गए हैं। इसके अलावा परिसर में एक मंजिला गेस्ट हाउस, केयरटेकर के लिए आवासीय व्यवस्था और गार्ड रूम शामिल हैं।

परीक्षा प्रक्रिया और पारदर्शिता को मिलेगा बल

भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने बताया कि इस नए भवन के शुरू होने से विश्वविद्यालय की प्रशासनिक और परीक्षा संबंधी गतिविधियों को गति मिलेगी। सभी मुख्य अधिकारियों के कार्यालय एक ही इमारत में होने से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और समन्वय बेहतर होगा।

शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद

सचिव के अनुसार, बहु-इवैल्यूएशन सेंटर, स्कैनिंग रूम और रिकॉर्ड रूम की उपलब्धता से परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और तेज बनेगी। इस बेहतर प्रशासनिक ढांचे से राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेजों के संचालन में सुधार होगा और छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram