नई दिल्ली: आम लोगों के लिए राहत की खबर है। मंडियों में चीनी की आपूर्ति बढ़ने और सरकार की सख्त निगरानी के बाद चीनी की कीमतों में गिरावट आई है। एक सप्ताह पहले एक्स-मिल भाव करीब 68 रुपये प्रति किलो था, जो अब घटकर 53 से 55 रुपये प्रति किलो हो गया है।
महाराष्ट्र में चीनी का भाव 51-52 रुपये प्रति किलो और कोलकाता में थोक भाव करीब 53 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। हालांकि, थोक बाजार में आई गिरावट का पूरा फायदा अभी खुदरा ग्राहकों को नहीं मिला है।
सरकार ने बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात की व्यवस्था की है। करीब 80 हजार टन चीनी की खेप भारत के लिए रवाना भी हो चुकी है।
चीनी के स्टॉक पर सरकार की नजर
सरकार ने कीमतों पर नियंत्रण रखने के लिए थोक डीलरों के लिए 30 नवंबर तक अधिकतम 400 टन चीनी रखने की सीमा तय की है। वहीं, 1 सितंबर से बड़े औद्योगिक और थोक उपभोक्ता 15 दिनों की जरूरत से ज्यादा चीनी का स्टॉक नहीं रख सकेंगे।
प्रमुख शहरों में थोक भाव
21 से 26 अगस्त के बीच दिल्ली में चीनी का भाव 6,600 से घटकर 6,000 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। मुंबई में यह 6,700 से घटकर 5,800 रुपये, रायपुर में 6,600 से घटकर 5,800 रुपये और रांची में 6,700 से घटकर 6,100 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। कोलकाता में भी भाव 6,750 से घटकर 6,000 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया।
read more : रांची में SIR को लेकर समीक्षा बैठक, DC ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश




