नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित सेक्टर-51 में बने ‘वेडिंग विला’ बैंक्विट हॉल में गुरुवार देर रात एक गंभीर हादसा सामने आया। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित पांचवें ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ समारोह के दौरान अचानक बैंक्विट हॉल की लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई। इस दुर्घटना के समय लिफ्ट में कई स्थानीय व्यापारी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला स्तर के नेता सवार थे। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इमरजेंसी चाबी की मदद से लिफ्ट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
कार्यक्रम के आयोजक विकास जैन के अनुसार, इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गौतमबुद्ध नगर के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह और पश्चिमी यूपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता पहुंचे थे। गनीमत यह रही कि यह हादसा कार्यक्रम के समापन और भोजन के समय हुआ, जब ये तमाम वरिष्ठ जन प्रतिनिधि और मुख्य अतिथि समारोह से वापस लौट चुके थे। लिफ्ट के अचानक नीचे गिर जाने से उसमें सवार कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राहत कार्य शुरू किया। सेक्टर-49 के थाना प्रभारी निरीक्षक ग्राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि परिसर में गणमान्य हस्तियों की आवाजाही के कारण सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई थी, जिससे तुरंत कार्रवाई संभव हो सकी।
लापरवाही का संज्ञान लेते हुए सेक्टर-51 चौकी प्रभारी आशु चौधरी की शिकायत पर बैंक्विट हॉल के संचालक विनोद अरोड़ा, अश्वनी छावड़ा और मैनेजर अश्विनी शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 289 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाली उपेक्षा) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। प्रारंभिक पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बैंक्विट हॉल प्रबंधन ने लंबे समय से लिफ्ट का रखरखाव (मेंटेनेंस) नहीं कराया था और न ही कोई लिफ्ट ऑपरेटर तैनात किया था। पुलिस पूरे मामले की कानूनी जांच कर रही है।




