फॉण्ट कनवर्टर NEW

बलोचिस्तान में भीषण हादसा: कोयला खदान में मीथेन गैस विस्फोट से 34 खनिकों की मौत

सोरंगे कोयला खदान त्रासदी: सुरक्षा नियमों की अनदेखी से गई 34 मजदूरों की जान, राहत एवं बचाव कार्य जारी

अपनी भाषा में पढ़ें

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत बलोचिस्तान में एक बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया है। प्रांतीय राजधानी क्वेटा के बाहरी इलाके सोरंगे में स्थित एक कोयला खदान में अचानक हुए भीषण विस्फोट के कारण कम से कम 34 खनिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर अभी भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुट गई हैं।

यह हादसा गुरुवार देर शाम सोरंगे इलाके की एक कोयला खदान में हुआ। खदान के मालिक कुर्बान जोगेजई के अनुसार, सुरंग के भीतर खतरनाक मीथेन गैस के अत्यधिक जमाव के कारण यह जोरदार धमाका हुआ, जिससे खदान का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। घटना के वक्त खदान में लगभग 42 मजदूर काम कर रहे थे। ये सभी श्रमिक मुख्य रूप से खैबर पख्तूनख्वा जिले के शांगला क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

विस्फोट की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचे और अब तक 34 शवों को बाहर निकाला जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि सुरंग में फंसे बाकी खनिकों तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी गति से चलाया जा रहा है। हालांकि, गैस विस्फोट के बाद ऑक्सीजन का स्तर बेहद कम हो जाने और जहरीली गैसों के प्रभाव के कारण अंदर फंसे लोगों के जीवित बचने की संभावनाएं कम होती जा रही हैं।

इस त्रासदी पर बलोचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि राहत कार्यों या सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, प्रांतीय खान एवं खनन मंत्री शोएब नोशिरवानी ने कहा कि विकट परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। राज्य सरकार ने मृतक खनिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 3-3 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

उल्लेखनीय है कि बलोचिस्तान और सिंध प्रांतों की कोयला खदानों में पर्याप्त सुरक्षा उपायों, वेंटिलेशन और गैस मॉनिटरिंग सिस्टम के अभाव के कारण इस तरह के घातक हादसे अक्सर सामने आते रहते हैं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram