U.P. News: यूपी ATS ने भारत विरोधी साजिश रच रहे एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। एजेंसी ने केरल के मलप्पुरम से मोहम्मद रजा को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर ‘मुजाहिदीन आर्मी’ तैयार कर रहा था। ATS के अनुसार, यह गिरोह भारत में हिंसक जिहाद के जरिए लोकतांत्रिक सरकार को उखाड़ फेंकने और शरिया आधारित शासन लागू करने की योजना बना रहा था।
फंडिंग और टारगेट किलिंग की तैयारी
जांच में सामने आया है कि गिरोह हथियार जुटाने के लिए फंड जमा कर रहा था। टारगेट किलिंग के लिए पैसे सीधे रजा के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते थे। ATS ने बताया कि संगठन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलकर भर्ती कर रहा था। गिरोह का इरादा खासकर धार्मिक गुरुओं को निशाना बनाकर देश में अशांति फैलाना था।
पहले से जेल में बंद उसके साथी
ATS ने इस गिरोह के चार अन्य सदस्यों—अकमल रजा, सलमानी उर्फ अली रजवी, मोहम्मद तौसीफ और कासिम अली—को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब मास्टरमाइंड रजा की गिरफ्तारी के बाद उम्मीद है कि नेटवर्क से जुड़ी और परतें उजागर होंगी।
देश विरोधी साजिश पर शिकंजा
ATS अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी के बाद रजा की गिरफ्तारी संभव हुई। गिरफ्तारी के साथ ही पूरे गिरोह के खिलाफ यूएपीए और आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। एजेंसी का मानना है कि यह कदम देश के खिलाफ छेड़ी जा रही घातक साजिश पर बड़ा प्रहार है।



