पटना : अथमलगोला और बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के बीच बन रहे नए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। पथ निर्माण विभाग के अनुसार, आरओबी का फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का काम 100 फीसदी पूरा हो चुका है, जबकि सुपर-स्ट्रक्चर का करीब 80 फीसदी काम पूरा हो गया है।
इस आरओबी को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आरओबी बनने के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वाहन रेलवे फाटक बंद होने के कारण रुकने के बजाय सीधे आरओबी से गुजर सकेंगे।
बख्तियारपुर-ताजपुर कनेक्टिविटी होगी बेहतर
पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल के अनुसार, आरओबी के शुरू होने से बख्तियारपुर और अथमलगोला क्षेत्र में आवागमन आसान होगा। इससे लोगों के समय और ईंधन की भी बचत होगी।
यह आरओबी बख्तियारपुर-ताजपुर पीपीपी परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके चालू होने से पटना, ताजपुर और समस्तीपुर के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन भी आसान होगा।
किसानों और व्यापारियों को भी फायदा
आरओबी बनने से स्थानीय किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। इसके अलावा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पथ निर्माण विभाग के अनुसार, परियोजना का काम तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।




