फॉण्ट कनवर्टर NEW

बारिश और तेज हवा से गिरे पेड़, नगर निगम ने 24 जगहों पर की कार्रवाई

राजधानी में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ और उनकी डालियां गिर गईं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ लोगों के लिए परेशानी पैदा हुई। रांची नगर निगम की हॉर्टिकल्चर और स्वच्छता शाखा की टीमों ने तुरंत मौके

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : राजधानी में लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ और उनकी डालियां गिर गईं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ लोगों के लिए परेशानी पैदा हुई। रांची नगर निगम की हॉर्टिकल्चर और स्वच्छता शाखा की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गिरे पेड़ों और डालियों को हटाया।

जहां पेड़ या डालियां झुकी हुई थीं, वहां जरूरत के अनुसार उनकी छंटाई की गई। इसके बाद सड़कों से मलबा हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

24 जगहों पर पहुंची निगम की टीम

नगर निगम के अनुसार, एजी मोड़, हवाई नगर रोड, सेंट्रल स्कूल रोड डोरंडा, हरमू बाईपास-सैटेलाइट चौक, ऑद्रे हाउस और कांके रोड समेत 24 स्थानों पर टीमों ने कार्रवाई की।

इसके अलावा इरगु टोला, पहाड़ी मंदिर लेन, सेक्टर-3 और सेक्टर-4 धुर्वा, चिरौंजी, बरियातू हिल व्यू हॉस्पिटल के पास, डीएवी नंदराज के पास, पटेल चौक हरमू और भूतनाथ मंदिर हरमू में भी पेड़ और डालियां हटाई गईं।

मिशन चौक, थरपकना चौक, जेल चौक, संत फ्रांसिस स्कूल, सदर थाना, हटिया कब्रिस्तान, एदलहातू, पल्लवी कॉन्वेंट, डोरंडा साउथ ऑफिस पाड़ा और भाभा नगर कोकर समेत अन्य स्थानों पर भी निगम की टीमों ने कार्रवाई की।

पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील

नगर निगम ने लोगों से तेज बारिश और हवा के दौरान पेड़ों के नीचे या कमजोर और झुके हुए पेड़ों के आसपास नहीं खड़े होने की अपील की है। लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

निगम ने वाहनों को पेड़, बिजली के खंभे या कमजोर संरचनाओं के नीचे पार्क नहीं करने को कहा है। गिरे हुए बिजली के तार या उनके संपर्क में आए पेड़ों से दूरी बनाए रखने और उन्हें खुद हटाने की कोशिश नहीं करने की अपील की गई है।

इस नंबर पर दें सूचना

अगर कहीं पेड़, पेड़ की डाली या झुका हुआ पेड़ दिखाई देता है तो इसकी सूचना रांची नगर निगम को दी जा सकती है। इसके लिए 24 घंटे चलने वाले टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क किया जा सकता है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram