Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र में अमित सरदार की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद मृतक की पहचान और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे लाइन पर फेंक दिया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित कई सामान बरामद किए गए हैं।
मामले की शुरुआत मृतक की परिजन बेहुला देवी की लिखित शिकायत से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई 2026 को शिकायत मिलने के बाद आरआईटी थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में कांड संख्या 35/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू (26), सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा (38), स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु (27) और मिलन सिंह (18) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दीकू किस्कू और सोमा मुंडा कृष्णापुर टोला, राहड़गोड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, आदित्यपुर के रहने वाले हैं, जबकि स्वरूप सोरेन और मिलन सिंह सतबहनी धीरजगंज, आदित्यपुर के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो लोहे के हथौड़े, चार स्मार्टफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच के दौरान मृतक की शर्ट में लपेटकर रखा गया एक पत्थर भी पुलिस के हाथ लगा है। पुलिस बरामद सभी सामानों को हत्या की घटना से जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और बरामद सामानों के आधार पर हत्या के कारणों तथा घटना में प्रत्येक आरोपी की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में आरआईटी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत पराशर, पुलिस अवर निरीक्षक विमलेश कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार और सहायक अवर निरीक्षक विक्रम कुमार शामिल रहे। पुलिस टीम में आरक्षी उमाशंकर सिंह, हवलदार जॉनसन भेंगरा, आरक्षी सिदिऊ बुड़ीउली और बबलू बिरुली की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।




