फॉण्ट कनवर्टर NEW

पटना औद्योगिक क्षेत्र में अब मनमानी नहीं चलेगी, BIADA ने तय की डेडलाइन

बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार ने पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र के औचक निरीक्षण में यातायात, स्वच्छता, अतिक्रमण, अवैध निर्माण और सड़क मरम्मत से जुड़ी कमियों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार (IAS) ने शनिवार को पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डेटा सेंटर, बुनियादी संरचनाओं और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, अवैध निर्माण और आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव में लापरवाही मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख निर्देश एवं उठाए गए कदम

– एक्सेस कंट्रोल और यातायात व्यवस्था: औद्योगिक क्षेत्र में निजी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन को पूरी तरह व्यवस्थित करने के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर तुरंत ‘एक्सेस कंट्रोल’ व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, मुख्य और आंतरिक सड़कों के दोनों किनारों पर विभिन्न इकाइयों द्वारा निर्माण सामग्री रखकर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

– स्वच्छता और कचरा प्रबंधन: क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से कचरा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों के किनारे कचरा फेंकने वाली औद्योगिक इकाइयों को माइकिंग और नोटिस के माध्यम से जागरूक करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

– अवैध निर्माण और पार्किंग पर शिकंजा: पॉलिटेक्निक और साईं मंदिर के निकट बियाडा की भूमि पर हो रही अनधिकृत वाहन पार्किंग पर रोक लगाने को कहा गया है। साथ ही, साईं मंदिर के संचालक द्वारा बियाडा की भूमि पर कथित रूप से किए गए अनधिकृत भवन निर्माण के संबंध में नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

– बुडको (BUDCO) की लापरवाही पर सख्ती: प्रबंध निदेशक ने बुडको द्वारा सीवर लाइन की मरम्मत के बाद सड़कों को पूर्व स्थिति में बहाल न किए जाने के मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने सड़क की पुनर्स्थापना पर आने वाले खर्च की वसूली के लिए बुडको को आधिकारिक पत्र जारी करने का निर्देश दिया है।

– मानक के अनुरूप निर्माण की निगरानी: औद्योगिक क्षेत्र में सभी निर्माण कार्य स्वीकृत एवं सूचीबद्ध वास्तुविदों द्वारा अनुमोदित नक्शों के अनुसार ही हों, इसकी निगरानी बियाडा के अभियंताओं के माध्यम से नियमित रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इन इकाइयों का किया गया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने रवि इंडस्ट्री, रिकॉन एंजीकॉन प्राइवेट लिमिटेड, यूनो डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड, एसएलएमजी बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड, प्रियस सिस्टम एलएलपी, कंट्रोलएस (CtrlS), अंबे इंफ्रा ग्रीन एलएलपी, एरान हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, बिहार ट्रेड टावर, विजयम एजुकेशनल ट्रस्ट, मां री रोलिंग मिल, पूजा प्रिंटेक प्राइवेट लिमिटेड, सत्या एंटरप्राइजेज, एकलेट इंडस्ट्रीज लिमिटेड, सिव मिल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, तिरुपति इंडस्ट्रीज और रूबी फास्टनर सहित कई प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया।

प्रबंध निदेशक ने कार्यपालक निदेशक (ऑपरेशंस) को निरीक्षण के दौरान चिह्नित सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने और संबंधित उप महाप्रबंधक (DGM) के माध्यम से कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बियाडा राज्य में निवेश-अनुकूल, स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित औद्योगिक वातावरण विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram